एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राजकीय महाविद्यालय रामपुर में अंतरराष्ट्रीय ओजोन दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की ईको क्लब इकाई और ज्योग्राफिकल सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता का संदेश दिया। इस वर्ष ओजोन दिवस की थीम ‘ग्लोबल एक्शन फॉर अ कूलर प्लैनेट’ रही।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए विभिन्न मॉडल और बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट कलाकृतियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए विभिन्न विषयों पर प्रश्न-उत्तर भी किए। प्राचार्य ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां छात्रों में व्यावहारिक ज्ञान, रचनात्मक सोच और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के बाद महाविद्यालय परिसर से नए बस स्टैंड तक पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण, प्लास्टिक उन्मूलन और स्थानीय पर्यावरणीय समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान सभी विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। विद्यार्थियों ने प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए पर्यावरण हित में कार्य करने का संकल्प लिया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
ओजोन दिवस के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में नारा लेखन, मॉडल मेकिंग, पोस्टर मेकिंग, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट और ट्रेडिशनल इकोफ्रेंडली आइटम्स सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मॉडल मेकिंग प्रतियोगिता में प्रवीण और उसके समूह ने प्रथम, सहवाग और उसके समूह ने द्वितीय तथा मनप्रीत और उसके समूह ने तृतीय स्थान हासिल किया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में नोशीन प्रथम, नेहा द्वितीय और लोकेश ठाकुर तृतीय रहे।
नारा लेखन प्रतियोगिता में विशाखा ने प्रथम, मुस्कान ने द्वितीय और नैना देवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ट्रेडिशनल इकोफ्रेंडली आइटम्स प्रतियोगिता में हेमराज और उसके समूह ने प्रथम, साक्षी और उसके समूह ने द्वितीय तथा नेहा और उसके समूह ने तृतीय स्थान हासिल किया।
वहीं बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता में श्वेता और उसके समूह ने प्रथम, आरती और उसके समूह ने द्वितीय तथा नोशीन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. अनीता कुमारी और श्री कुशाल शर्मा ने अपनी भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
