एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
वन विभाग की 27वीं राज्य स्तरीय वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता के आयोजन के लिए रामपुर पूरी तरह तैयार हो गया है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू शिमला से ऑनलाइन माध्यम से करेंगे।
वीरवार को अरण्यपाल, रामपुर वन वृत्त सीबी ताशीलदार ने प्रेस वार्ता के दौरान प्रतियोगिता की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी सहित करीब एक हजार खिलाड़ी भाग लेंगे। इस दौरान 124 इवेंट्स के तहत 32 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
सीबी ताशीलदार ने कहा कि वन विभाग के कर्मचारी जहां वनों की सुरक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाते हैं, वहीं अधिकारी अपने प्रशासनिक दायित्वों में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में खेलकूद प्रतियोगिता उन्हें अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और आपसी भाईचारा मजबूत करने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी करीब 23 वर्ष के अंतराल के बाद रामपुर वन वृत्त को मिली है। प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबले राजकीय महाविद्यालय रामपुर के पाटबंगला खेल मैदान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर के खेल मैदान तथा दत्तनगर खेल मैदान में आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर वन विभाग की गतिविधियों को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 12 सितंबर की शाम लेजर शो का आयोजन भी किया जाएगा। प्रेस वार्ता में डीएफओ रामपुर गुरहर्ष सिंह, डीएफओ किन्नौर अरविंद कुमार, डीएफओ आनी हरदेव नेगी और एसीएफ पब्लिसिटी देवेंद्र चौहान भी उपस्थित रहे।
एक माह से तैयारियों में जुटे वन कर्मी
अरण्यपाल सीबी ताशीलदार ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए रामपुर वन वृत्त के अधिकारी और कर्मचारी पिछले करीब एक माह से तैयारियों में जुटे हुए हैं। खेल मैदानों के रखरखाव, सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर कर्मचारियों ने दिन-रात मेहनत की है। उन्होंने आयोजन की तैयारियों में जुटे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की।
12 सितंबर को एनएच-5 पर होगी साइकिलिंग प्रतियोगिता
डीएफओ रामपुर गुरहर्ष सिंह ने बताया कि 12 सितंबर की सुबह छह से नौ बजे तक राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर साइकिलिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें 25 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की स्पर्धाएं होंगी। इसके अलावा फोटोग्राफी सहित अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
