एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
नगर परिषद रामपुर द्वारा पंजीकृत सब्जी विक्रेता स्ट्रीट वेंडर्स के साथ प्रथम औपचारिक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विक्रेताओं के साथ संवाद स्थापित करना, निर्धारित दिशा-निर्देशों से अवगत कराना तथा शहर में सुव्यवस्थित वेंडिंग व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में नगर परिषद ने सभी स्ट्रीट वेंडर्स को निर्देश दिए कि वे केवल निर्धारित स्थान की सीमा के भीतर ही अपना व्यवसाय संचालित करें और सार्वजनिक मार्गों पर अतिरिक्त सामान न फैलाएं। साथ ही विक्रेताओं से स्वच्छता बनाए रखने तथा नगर परिषद के साथ सहयोग करने की अपील की गई।
नगर परिषद द्वारा स्ट्रीट वेंडर्स के लिए एक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक वेंडिंग ज़ोन चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है। प्रस्तावित स्थल पर विक्रेताओं के लिए बैठने की उचित व्यवस्था, छत तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उन्हें बेहतर और सुविधाजनक कार्य वातावरण मिल सके।
नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि नई व्यवस्था पूरी तरह लागू होने तक सभी विक्रेता अपने सामान को निर्धारित सीमा के भीतर सीमित रखें और सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था न फैलाएं। स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में भी सहयोग करने का आग्रह किया गया।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि निर्धारित नियमों एवं स्वच्छता मानकों का पालन नहीं करने वाले विक्रेताओं के लिए भविष्य में नए वेंडिंग ज़ोन में स्थान आवंटन पर पुनर्विचार किया जा सकता है।
नगर परिषद रामपुर ने कहा कि उसका उद्देश्य किसी भी व्यक्ति की आजीविका को बाधित करना नहीं, बल्कि शहर में स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और सुव्यवस्थित व्यापारिक वातावरण सुनिश्चित करते हुए स्ट्रीट वेंडर्स के आजीविका के अवसरों को और मजबूत करना है।
