एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर नगर परिषद क्षेत्र में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने 7 से 15 जुलाई तक नए ट्रैफिक प्लान का ट्रायल शुरू करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था फिलहाल परीक्षण के आधार पर लागू की जाएगी। ट्रायल के दौरान मिले सुझावों और अनुभवों के आधार पर अंतिम ट्रैफिक प्लान तैयार कर उसे स्थायी रूप से लागू करने पर फैसला लिया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत मिनी सचिवालय से पुराने बस अड्डे तक राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर किसी भी प्रकार की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। वहीं मिनी सचिवालय से ब्रौ जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों को खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। इस सड़क पर सुबह 8 से 11 बजे तथा दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक केवल एकतरफा यातायात संचालित किया जाएगा।
चौधरी अड्डे में शिमला और रामपुर दोनों दिशाओं के लिए दो-दो बसों तथा दो-दो ऑटो के खड़े होने की व्यवस्था निर्धारित की गई है। इसी क्षेत्र में सुबह 8 से 11 बजे और दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक लोडिंग-अनलोडिंग पर रोक रहेगी, जबकि अन्य समय में ही यह कार्य किया जा सकेगा।
खनेरी की ओर से आने वाले ऑटो को तहसील पुस्तकालय के समीप यात्रियों को उतारना होगा। वहीं पाटबंगला से गौरा चौक तक वाहनों की आवाजाही एकतरफा रहेगी। नए बस अड्डे से निकलने वाली बसों को परिवहन निगम की कार्यशाला मार्ग से होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंचना होगा। इस पूरे मार्ग पर भी पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।
सफेद ढांक से गौरा चौक तक सड़क किनारे वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि गौरा चौक से पीजी कॉलेज के मुख्य द्वार तक पहाड़ी की ओर निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की जा सकेगी। खनेरी अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने ऑटो खड़े करने पर भी रोक रहेगी। इसके लिए अस्पताल गेट से आगे अलग स्थान चिन्हित किया गया है। इसके अतिरिक्त नगर परिषद क्षेत्र में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश और आवाजाही पर भी प्रतिबंध रहेगा, ताकि शहर के भीतर यातायात सुचारु बना रहे।
एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि यह ट्रैफिक प्लान फिलहाल ट्रायल के रूप में लागू किया जा रहा है। 15 जुलाई के बाद विभिन्न विभागों, व्यापार मंडल और सामाजिक संस्थाओं से सुझाव लेकर अंतिम प्रस्ताव तैयार किया जाएगा, जिसे स्वीकृति के लिए उपायुक्त को भेजा जाएगा। उन्होंने नागरिकों और बाहरी क्षेत्रों से आने वाले वाहन चालकों से नए यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
