एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
एसएफआई की रामपुर इकाई ने सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल को विद्यार्थियों और आम जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राजकीय महाविद्यालय रामपुर में बी.ए. (जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन) में पुनः प्रवेश शुरू करने, लंबे समय से बंद एम.एससी. फिजिक्स पाठ्यक्रम को बहाल करने, कंप्यूटर साइंस विषय में रिक्त शिक्षकों के पद भरने तथा रामपुर डिपो की HRTC बस सेवाओं को नियमित करने और बंद पड़े बस रूटों को दोबारा शुरू करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
SFI प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि इन मांगों के लंबित रहने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई छात्रों को मजबूर होकर दूसरे जिलों का रुख करना पड़ रहा है, जबकि बस सेवाओं के प्रभावित होने से दूरदराज़ क्षेत्रों के विद्यार्थी, कर्मचारी, महिलाएं और आम लोग भी रोजाना परेशान हो रहे हैं।
विधायक नंद लाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सभी मांगों पर संबंधित विभागों के साथ जल्द चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और समस्याओं के समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान SFI के कार्यकर्ता चमन और अक्षय ने कहा कि संगठन लंबे समय से छात्रहित और जनहित से जुड़े इन मुद्दों को लगातार उठा रहा है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो SFI चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। इसके तहत धरना-प्रदर्शन, क्रमिक भूख हड़ताल और विद्यार्थियों व आम जनता के साथ व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार और संबंधित प्रशासन की होगी।
SFI ने उम्मीद जताई कि विधायक अपने आश्वासन के अनुरूप शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों और आम जनता को राहत मिल सके।
