एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जुलाई 2026 में आई भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित रामपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत गानवी और जघोरी में राहत कार्यों को गति मिली है। जिला प्रशासन ने एसडीआरएफ के तहत स्पैन रोपवे की मरम्मत, रखरखाव और वैकल्पिक पैदल मार्ग की व्यवस्था के लिए दो लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस राशि का उपयोग प्रभावित क्षेत्रों में आवाजाही को सुचारु बनाने के लिए किया जाएगा।
गौरतलब है कि 8 से 10 जुलाई 2026 के दौरान हुई मूसलाधार बारिश से गानवी खड्ड में आई बाढ़ के कारण ग्राम पंचायत गानवी, क्याओ, कूट और जघोरी को जोड़ने वाला मुख्य सड़क मार्ग बह गया था। सड़क क्षतिग्रस्त होने से इन पंचायतों का संपर्क पूरी तरह टूट गया और स्थानीय लोगों को आवश्यक सामान व दैनिक जरूरतों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रशासन को भेजे गए प्रस्ताव में ग्राम पंचायत गानवी के सिसरी भाई स्थित स्पैन रोपवे की तत्काल मरम्मत की आवश्यकता बताई गई थी। इस रोपवे के माध्यम से गानवी, क्याओ और कूट पंचायतों के लोग नदी के एक किनारे से दूसरे किनारे तक आवश्यक सामग्री पहुंचा सकते हैं। इस कार्य के लिए लगभग 59 हजार रुपये का अनुमान तैयार किया गया था।
इसके अलावा ग्राम पंचायत जघोरी के चंडी ब्रांडा क्षेत्र में फांचा सड़क से पावर हाउस तक वैकल्पिक पैदल मार्ग बनाने तथा पाजीधार से शाकरेलीधार तक स्पैन रोपवे की मरम्मत का प्रस्ताव भी जिला प्रशासन को भेजा गया था। इन दोनों कार्यों की अनुमानित लागत क्रमशः 2.84 लाख रुपये और 79 हजार रुपये आंकी गई थी। जिला प्रशासन का कहना है कि स्वीकृत राशि से प्राथमिक स्तर पर आवश्यक मरम्मत कार्य कर प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही और जरूरी सेवाओं को सुचारु बनाने का प्रयास किया जाएगा।
