एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संजौली क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में कुल 35 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं। आरोपियों से पूछताछ कर नशे के नेटवर्क की जांच की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार स्पेशल सेल की टीम लक्कड़ बाजार, संजौली और ढली क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संजौली निवासी रवि कुमार उर्फ बंटी क्षेत्र में चिट्टे की तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संजौली चौक के पास नाकाबंदी कर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान रवि कुमार उर्फ बंटी निवासी संजौली के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 26 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर संजौली थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
दूसरे मामले में स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर संजौली क्षेत्र में एक सफेद रंग की कार को जांच के लिए रोका। वाहन चालक ने अपना नाम सौरभ निवासी धर्मपुर, तहसील ठियोग, जिला शिमला बताया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 9 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में एक अन्य आरोपी हैप्पी चंदेल निवासी ठियोग को भी गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सौरभ और हैप्पी चंदेल कथित तौर पर मिलकर चिट्टे की खेप लेकर आए थे। पुलिस सह-आरोपी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
