एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर जल विद्युत परियोजना में एसजेवीएन का 39वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह, गरिमा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर परियोजना परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत परियोजना प्रमुख विकास मारवाह द्वारा दत्तनगर स्थित शहीद स्मारक पर परियोजना निर्माण कार्यों के दौरान दिवंगत हुए कर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने खेल मैदान, दत्तनगर में एसजेवीएन ध्वज फहराया तथा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एसजेवीएन ने ऊर्जा क्षेत्र में निरंतर प्रगति करते हुए देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि रामपुर जल विद्युत परियोजना भी इस उपलब्धि में अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि निगम केवल विद्युत उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता और ग्रामीण विकास जैसे सामाजिक दायित्वों का भी निरंतर निर्वहन कर रहा है।
उन्होंने कर्मचारियों से समर्पण, अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए निगम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर “पीपल्स चॉइस एसजेवीएन स्टार अवार्ड” के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यपालक कपिल देव (उप प्रबंधक, पीएचईएम), विपिन सिंह (वरिष्ठ प्रबंधक, पीएचएमएम) तथा गैर-कार्यपालक वर्ग से निधि (कनिष्ठ अधिकारी, प्रोजेक्ट हॉस्पिटल) और उमेश कुमार (टेक्नीशियन, ओपीएच) को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा हेल्थ चैंपियन विजेता प्रेमी देवी (कनिष्ठ अधिकारी) और निधि (कनिष्ठ अधिकारी, प्रोजेक्ट हॉस्पिटल) को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत दोपहर में कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के लिए मनोरंजक खेल एवं फन गेम्स आयोजित किए गए, जिनमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं सायंकाल आयोजित भव्य सांस्कृतिक संध्या ने पूरे वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया।
