एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
एसजेवीएन के 39वें स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पॉवर स्टेशन (एनजेएचपीएस) में मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन गसो पुल से शुरू होकर एनजेएचपीएस परिसर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए सताद्री परिसर में संपन्न हुई।

मैराथन का शुभारंभ एनजेएचपीएस के परियोजना प्रमुख राजीव कपूर एवं उनकी धर्मपत्नी शिवाली कपूर ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता का आयोजन पुरुष एवं महिला वर्ग में चार आयु श्रेणियों—35 वर्ष से कम, 35-45 वर्ष, 45-55 वर्ष तथा 55 वर्ष से अधिक—में किया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक मैराथन में भाग लिया।
मैराथन के समापन पर सताद्री प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में परियोजना प्रमुख राजीव कपूर एवं धर्मपत्नि शिवाली कपूर ने विजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए।
एसजेवीएन के स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत 24 मई 2026 तक विभिन्न सांस्कृतिक, खेलकूद एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
