Mandi: मंडी में टकोली टोल प्लाजा पर टोल वसूली 1 माह के लिए निलंबित

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन को देखते हुए टकोली टोल प्लाजा पर टोल शुल्क वसूली को एक माह के लिए अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। यह निर्णय उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 34 के अंतर्गत जनहित में लिया है।

उपायुक्त ने बताया कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग-21 के कई हिस्सों में सड़कें धंस गई हैं और कई जगहों पर भूस्खलन के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। इस कारण से वाहनों को वैकल्पिक और लंबी दूरी के मार्गों से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है।

भोजन, पेयजल, आश्रय और विश्राम जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण लोग काफी परेशान हैं। ऐसे संकट की स्थिति में यात्रियों से टोल शुल्क लेना अनुचित है। इसलिए प्रशासन ने 14 सितम्बर 2025 तक टोल वसूली बंद करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय आम जनता की सुविधा और राहत को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *