एआरबी टाइम्स ब्यूरो
नाहन। सिरमौर जिले के पच्छाद उपमंडल के चढ़ेच गांव से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक बेटे ने अपनी मां की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को घर के साथ लगते जंगल में दबा दिया। पुलिस ने जंगल से शव बरामद कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या की वजह पता कर रही है। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह आरोपी पुष्प कुमार अपनी मां की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाने थाना पच्छाद पहुंचा। लेकिन शाम तक मामला पलट गया, जब उसकी बहन जयवंती थाने पहुंची और भाई पर ही हत्या का आरोप लगा दिया।
जंगल से बरामद हुआ शव
शिकायत के बाद पुलिस टीम आरोपी के घर और नजदीकी जंगल में पहुंची। यहां ताजा खोदी गई मिट्टी देखकर पुलिस ने खुदाई की तो 51 वर्षीय महिला जयवंती का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मृतका के गले, सिर और हाथ पर चोट के निशान मिले हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे की वजह पता चल सके।
