एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिला में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। छोटा कम्बा सड़क मार्ग पर एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर लगभग 800 मीटर नीचे दूसरे सड़क मार्ग पर जा गिरी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान राजेश कुमार (40), पुत्र मोहन सिंह, निवासी बड़ा कम्बा, जिला किन्नौर के रूप में हुई है। राजेश कुमार पूर्व में पंचायत प्रधान भी रह चुके थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजेश कुमार अपनी ऑल्टो कार (HP-26-3810) में छोटा कम्बा मार्ग से गुजर रहे थे, जब स्पेन के पास वाहन से नियंत्रण खो बैठें। गाड़ी खाई में गिरकर दूसरे सड़क मार्ग पर जा पहुंची।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना भावानगर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। एस.डी.पी.ओ. भावानगर, राज कुमार ने बताया कि मौके पर अन्य किसी व्यक्ति की मौजूदगी की जांच के लिए सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन कोई अन्य व्यक्ति घटनास्थल पर नहीं मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है और हादसे के कारणों की गहन जांच जारी है।
