एआरबी टाइम्स ब्यूरो
निरमंड(कुल्लू)। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, निरमंड में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) का नामांकन समारोह शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और एनसीसी में शामिल होकर अनुशासन, देशभक्ति और नेतृत्व क्षमता की दिशा में कदम बढ़ाया।
एनसीसी, भारत का सबसे बड़ा वर्दीधारी युवा संगठन है, जिसकी स्थापना 1948 में हुई थी। वर्तमान में इसके अंतर्गत करीब 15 लाख कैडेट्स कार्यरत हैं। यह संगठन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव जागृत करता है।
यह नामांकन समारोह 8 HP एनसीसी बटालियन, रामपुर बुशहर, जिला शिमला के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विपिन सरकेक के निर्देशन तथा कॉलेज की प्राचार्या डॉ. राजन देवी नेगी के संरक्षण में सम्पन्न हुआ। समारोह में कॉलेज प्रशासन और एनसीसी अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संगठन की उपयोगिता, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, सामाजिक गतिविधियों और करियर अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। नामांकन प्रक्रिया का संचालन एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर कैप्टन डॉ. संदीप कुमार ठाकुर, जेसीओ नर सिंह, एनसीओ मनोज राणा और जीसीआई अनुक्षा सहित बटालियन के अन्य स्टाफ ने सफलतापूर्वक किया।
इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. राजन देवी नेगी ने कहा, “एनसीसी युवाओं के सर्वांगीण विकास का माध्यम है। यह न केवल अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाता है बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाता है।” नामांकित कैडेट्स में नरेश, राहुल, नितेश, राजेश, दिनेश, चेत राम, अंकुश, कनिका, रिया, नैना, काम्या, हर्षिता और जैस्विन शामिल हैं। इन विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि एनसीसी उन्हें जीवन में नई दिशा और प्रेरणा प्रदान करेगा।
इस सफल आयोजन ने यह सिद्ध किया कि गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, निरमंड न केवल शिक्षा बल्कि युवा विकास के क्षेत्र में भी अपनी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
