एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। राजकीय महाविद्यालय रामपुर में कैरियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट सैल द्वारा स्प्रिंग लीडरशिप संस्थान रामपुर के सहयोग से पांच दिवसीय “शून्य ए.आई. फाउंडेशन कोर्स” कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का विषय “कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence)” है, जिसका उद्देश्य छात्रों को इस नवीनतम तकनीकी क्षेत्र में आवश्यक ज्ञान और व्यावहारिक कौशल प्रदान करना है।
कार्यशाला का उद्घाटन महाविद्यालय के उप प्राचार्य डॉ. विद्या बन्धु नेगी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। कार्यक्रम में स्प्रिंग लीडरशिप संस्थान के संस्थापक श्री प्रकाश डोगरा और एम. एम. सी. संस्थान के श्री अजय नोगल ने मुख्य वक्ता की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. शिवाली ठाकुर ने सभी उपस्थित गणमान्य अतिथियों और छात्र-छात्राओं का आभार प्रकट किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि निकट भविष्य में छात्रों के हित में ऐसे तकनीकी कार्यशालाओं का आयोजन लगातार किया जाएगा।
कार्यशाला के पहले दिन 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी दिखाई और एआई (AI) तकनीकों में अपनी रुचि और सीखने की ललक का प्रदर्शन किया। सभी प्रतिभागियों को स्प्रिंग लीडरशिप संस्थान द्वारा प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
इस कार्यशाला के माध्यम से छात्रों को भविष्य के डिजिटल युग के लिए तैयार करने की दिशा में एक सशक्त कदम माना जा रहा है।
