एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। शनिवार को हिमकोफेड के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने रामपुर उपमंडल के अंतर्गत आपदा प्रभावित दोफदा पंचायत के दारण गांव का दौरा किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर भारी बारिश और भूमि धंसाव (भू-स्खलन) से हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इस मौके पर भाजपा मंडलाध्यक्ष सराहन महेन्द्र जैन भी उनके साथ मौजूद रहे। कौल सिंह ने बताया कि पिछले 2-3 वर्षों से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते भूमि धंसाव की स्थिति खतरनाक हो गई है और पूरा दारण गांव खतरे की जद में आ चुका है। गांव के कई घरों में दरारें पड़ चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
सरकार से की स्थायी समाधान की मांग
भाजपा नेता ने कहा कि संकट की इस घड़ी में वे पूरी तरह प्रभावित लोगों के साथ खड़े हैं और उनकी आवाज को सरकार और प्रशासन के समक्ष लगातार उठाते रहेंगे। उन्होंने सरकार और प्रशासन से आग्रह किया कि:
गांव की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाए
स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएं
राहत और बचाव कार्यों को तुरंत शुरू किया जाए
प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए
मौजूद रहे कई स्थानीय प्रतिनिधि
इस दौरान प्रधान दोफदा त्रिलोक शर्मा, उप प्रधान कैलाश कैथयान, दारण बूथ अध्यक्ष बहादुर भंडारी, लच्छी राम, और युवा मोर्चा सराहन के पदाधिकारी अनिल बुधेल, अशोक मेहता सहित कई अन्य भाजपा मंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
