एआरबी टाइम्स ब्यूरो
निरमंड(कुल्लू)। विकासखंड निरमंड की ग्राम पंचायत चायल सहित कई क्षेत्रों में पिछले एक माह से सड़कें बंद हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भाजपा मंडल निरमंड ने शासन-प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा है कि यह स्थिति सीधे-सीधे सरकार की नाकामी को दर्शाती है।
13 अगस्त की रात से बागीपुल-जाओं-ठारला-सगोफा मार्ग पूर्णतः अवरुद्ध पड़ा है। इस मार्ग पर लोगों के सेब के बगीचे सड़ने की कगार पर पहुंच गए हैं। अनुमानतः एक लाख से अधिक सेब की पेटियां खराब होने को हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। वहीं दूसरी ओर, खाद्यान्न सामग्री जैसे आटा, दाल, चावल की भारी किल्लत हो गई है। लोग राशन के लिए भी तरस रहे हैं।
भाजपा मंडल निरमंड के अध्यक्ष नरोत्तम ठाकुर और महामंत्री जीवन चौहान तथा विदेश निगम ने प्रशासन से तत्काल राहत प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर मुख्य मार्ग को खोलने में समय लग रहा है, तो कोई वैकल्पिक मार्ग खोजा जाए ताकि कम से कम खाद्य सामग्री और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुचारु रूप से हो सके।
ग्राम पंचायत राहनू, नोर, उर्टू, बाड़ी, अरसू, कुशवा, सरघा, खरगा समेत अन्य पंचायतें भी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित हैं। इन क्षेत्रों में भी सेब की फसल खराब हो चुकी है और लोगों को बिजली, पानी, राशन जैसी मूलभूत सुविधाओं की भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा मंडल ने साफ किया है कि वे इस त्रासदी की घड़ी में सरकार के साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं, लेकिन प्रशासन को तुरंत सक्रिय होकर राहत कार्य शुरू करने होंगे।
भाजपा मंडल निरमंड ने प्रशासन से मांग की है कि:
सड़क मार्ग को शीघ्र खोला जाए या वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए।
प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, विशेषकर खाद्यान्न, तुरंत पहुंचाई जाए।
बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
भाजपा नेताओं ने चेताया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो लोग भूखे मरने को मजबूर हो जाएंगे।