धर्मशाला (एआरबी टाइम्स ब्यूरो)। कांगड़ा जिले के देहरा क्षेत्र में आपसी विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक प्रवासी मजदूर ने अपने साथी के 9 साल के बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को पास के जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
चार सितंबर को देहरा में निर्माणाधीन सेंट्रल यूनिवर्सिटी कैंपस से एक प्रवासी मजदूर का 9 साल का बेटा अचानक लापता हो गया। परिवार ने काफी तलाश की लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आठ टीमों के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसमें डॉग स्क्वायड, ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली गई। जांच के दौरान बच्चे के पिता ने पुलिस को बताया कि उसका सहकर्मी लक्ष्मी (निवासी बिहार) के साथ विवाद चल रहा है।
पुलिस ने शक के आधार पर लक्ष्मी से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने कबूल कर लिया कि गुस्से में उसने साथी मजदूर के बेटे की गला दबाकर हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है और रिमांड पर लेकर जांच जारी रखेगी। पुलिस का कहना है कि यह वारदात केवल आपसी विवाद तक सीमित है या इसके पीछे और कोई कारण है, इसकी गहनता से जांच की जाएगी।
