एआरबी टाइम्स ब्यूरो
बिलासपुर। प्रदेश के नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने आज घोषणा की कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) घुमारवीं को शीघ्र ही अपना नया भवन मिलेगा। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने प्रारंभिक तौर पर 6 करोड़ रुपये की राशि निर्माण एजेंसी हिमुडा को जारी कर दी है। शेष राशि भी चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाई जाएगी। कुल मिलाकर इस परियोजना पर लगभग 15 करोड़ रुपये का व्यय किया जाएगा।
राजेश धर्माणी ने लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह, घुमारवीं में जन समस्याएं सुनते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण पूरा होने के बाद आईटीआई में प्रशिक्षणार्थियों को बेहतर तकनीकी सुविधाएं मिलेंगी जिससे युवाओं का कौशल विकास होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि भराड़ी आईटीआई के लिए भूमि की तलाश जारी है। जैसे ही उपयुक्त जमीन उपलब्ध होती है, वहां भी भव्य भवन निर्माण किया जाएगा। राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार डिजिटल सेवाओं के माध्यम से पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित कर रही है। वर्तमान में हिमाचल ऑनलाइन सेवा (ई-डिस्ट्रिक्ट) पोर्टल के माध्यम से 315 सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं।
नागरिक शिकायतों के समाधान हेतु मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन 1100 एक प्रभावी मंच के रूप में कार्य कर रही है, जिससे आमजन का समय और धन दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि नागरिकों को ऑनलाइन और समयबद्ध सरकारी सेवाएं प्राप्त हों ताकि आम लोगों को छोटे कार्यों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
