एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस को भाजपा मंडल रामपुर ने सेवा दिवस के रूप में मनाया। इस अवसर पर रामपुर स्थित खनेरी अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों को फल वितरित किए गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मरीजों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रत्याशी कौल सिंह नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और देवभूमि के देवी-देवताओं से उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की। कौल सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी एक विशेष पहचान बनाई है। उनकी कार्यशैली और निर्णय लेने की क्षमता ने भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।”
उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने आम जनता के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं, जिनका लाभ हर नागरिक को उठाना चाहिए। कार्यक्रम के अंतर्गत यह जानकारी दी गई कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक भाजपा द्वारा सेवा पखवाड़ा चलाया जाएगा, जिसमें विभिन्न सामाजिक व सेवा कार्य किए जाएंगे।
इस कार्यक्रम में भाजपा मंडल रामपुर के महामंत्री राम मूर्ति, जिला प्रवक्ता अनिल चौहान, विजय गुप्ता, राजेंद्र ठाकुर, चेतन पाकला, केसरी दत्ता, अशोक कुमार, नीतिका गुप्ता, स्वाति बंसल, प्रोमिला मेहता, रीना ठाकुर, दीप कुमार, पुरुषोत्तम, कुणाल, शुभम, पीयूष सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
