एआरबी टाइम्स ब्यूरो, ऊना
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से मंगलवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बंगाणा उपमंडल के तहत आने वाले बैरियां गांव में 24 वर्षीय युवती की हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान अंशिका ठाकुर के रूप में हुई है। अंशिका की शादी बुधवार को भिंडला गांव के एक युवक से होने वाली थी, लेकिन विवाह से ठीक एक दिन पहले उसकी मौत ने पूरे इलाके को हिला दिया।
घर से 500 मीटर दूर मिला युवती का शव
मंगलवार दोपहर घर से करीब 500 मीटर दूर, बैरियां-रामनगर सड़क के किनारे अधजला शव पड़ा मिला। सबसे पहले एक फॉरेस्ट गार्ड की नजर शव पर पड़ी। उसने तुरंत जोल पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी। पुलिस जांच में यह साफ हुआ कि युवती की हत्या कर शव को जलाने की कोशिश की गई है। मृतका के चेहरे और गले पर गहरे कट के निशान मिले हैं। इसके अलावा शरीर पर आग के भी स्पष्ट निशान हैं। मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं।
शादी के लिए घर पहुंचने लगे थे मेहमान
परिवार के अनुसार, अंशिका की शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। घर में मेहमान भी पहुंचने लगे थे। लेकिन अचानक हुई इस वारदात ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। परिवार गहरे सदमे में है और ग्रामीण उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं। जोल पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि युवती को रात में घर से बाहर कौन और क्यों ले गया। पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही सच सामने आने की उम्मीद है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
