एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। भारत की सबसे बड़ी भूमिगत जलविद्युत परियोजना, नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में आयोजित हिन्दी-पखवाड़ा 2025 का समापन समारोह शनिवार को परियोजना के प्रशासनिक भवन स्थित सभागार में संपन्न हुआ। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख राजीव कपूर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने हिंदी पखवाड़ा के दौरान आयोजित राजभाषा आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया और उनकी सृजनात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की।
मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि यद्यपि विद्युत उत्पादन इस परियोजना का मूल लक्ष्य है, फिर भी यहां के सभी विभागों द्वारा हिंदी में शत-प्रतिशत पत्राचार करना एक सराहनीय उपलब्धि है। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदी केवल मातृभाषा ही नहीं, बल्कि शासन और प्रशासन की संवाहक भाषा है, जिसका अधिकतम प्रयोग समय की मांग है। इस अवसर पर सभी विभागाध्यक्षों को हिंदी के प्रयोग के लिए विशेष स्मृति चिन्ह प्रदान कर प्रेरित किया गया। उन्होंने समस्त कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम के अंत में विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन) मनीष शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने समस्त विभागाध्यक्षों, प्रतियोगिता आयोजकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का औपचारिक समापन किया।
