एआरबी टाइम्स ब्यूरो
विकास खंड ननखड़ी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देलठ में शनिवार को बैग फ्री दिवस के उपलक्ष्य में विज्ञान एवं गणित मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस रचनात्मक आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों से इतर व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ना और उनकी सोच व नवाचार क्षमता को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीन कुमार ने की। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए मॉडलों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया कि वे आगे भी ऐसे प्रयोग करते रहें और ज्ञान को व्यवहारिक रूप में समझने का प्रयास करें।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने गणित और विज्ञान से संबंधित रोचक और ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें सौर ऊर्जा प्रणाली, जल संचयन, पर्यावरण संरक्षण, वोल्टता प्रवाह, गणितीय सूत्रों के व्यावहारिक उपयोग आदि विषयों को शामिल किया गया। छात्रों ने प्रत्येक मॉडल के पीछे का सिद्धांत और उसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यालय के अन्य शिक्षक फतेह नेगी, रणबीर मेहता, गीता नेगी, एच.सी.सी. नेगी, राकेश कायस्थ सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। उन्होंने छात्रों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें बधाई दी।
इस आयोजन ने न केवल छात्रों के भीतर छिपी प्रतिभा को उजागर किया, बल्कि उन्हें समूह में कार्य करने, विचार प्रस्तुत करने और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर भी प्रदान किया।
