एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर उपमंडल के झाकड़ी पुलिस थाना क्षेत्र में एक आइसक्रीम विक्रेता पर छह साल की बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
बच्ची की मां ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 2:45 बजे, एक आइसक्रीम विक्रेता उनकी दुकान पर आया। दुकान पर ग्राहकों की भीड़ होने के कारण मां उन्हें सामान देने में व्यस्त थीं। इसी बीच, आरोपी विक्रेता बच्ची को जबरदस्ती अपने आइसक्रीम ठेले के पास ले गया। जब वह अपनी बेटी को देखने ठेले के पास पहुंचीं, तो उन्होंने देखा आरोपी बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास कर रहा था। महिला की आवाज सुनते ही आरोपी तुरंत ठेले से नीचे उतरा। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास समेत पॉक्सो अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी रामपुर, नरेश शर्मा ने बताया कि आरोपी की पहचान रोशन लाल निवासी राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जल्द ही न्यायालय में पेश करने की तैयारी चल रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।