एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
हिमाचल प्रदेश के छह बार के मुख्यमंत्री और आधुनिक हिमाचल के निर्माता कहे जाने वाले स्व. राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण 13 अक्टूबर को शिमला में किया जाएगा। इस भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर रामपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं रामपुर के विधायक नंदलाल ने की।
बैठक में ब्लॉक कांग्रेस, जोनल प्रभारी, कांग्रेस के जनसंगठन, पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया। विधायक नंदलाल ने जानकारी दी कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र की 54 पंचायतों से प्रत्येक पंचायत से 15 महिला और पुरुष शिमला जाएंगे, ताकि वे इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बन सकें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि 10 अक्टूबर तक सभी जोनल प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में बैठकें कर बूथ एजेंटों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ ठोस योजना तैयार करें। आयोजन को सफल बनाने के लिए 9 अक्टूबर को एक और समीक्षा बैठक बुलाई गई है, जिसमें तैयारियों की प्रगति पर चर्चा की जाएगी।
इस बैठक में ब्लॉक कांग्रेस रामपुर के पूर्व अध्यक्ष सतीश वर्मा, अनिरुद्ध सिंह बिष्ट, अधिवक्ता डीडी कश्यप, राजेश गुप्ता, और सुरेंद्र सहित कई गणमान्य नेता उपस्थित रहे।
