एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र जुब्बल के अंतर्गत कोट काईना पंचायत में विकास कार्यों की श्रृंखला जारी रखते हुए मगावटा गांव में 22 लाख रुपये की लागत से निर्मित पंचायत भवन और काईना गांव में 33 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मंत्री ने ग्रामवासियों को बधाई देते हुए कहा कि कोट काईना पंचायत जुब्बल-कोटखाई विधानसभा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, और यहां के विकास के लिए वे निरंतर कार्यरत हैं।
रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल-कोटखाई नावर क्षेत्र एक सेब उत्पादक क्षेत्र है, और वर्ष 2025 सेब उत्पादकों के लिए चुनौतीपूर्ण रहा क्योंकि भारी बारिश से सड़कों व अन्य आधारभूत ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा। उन्होंने बताया कि राज्य को लगभग 6000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, जिसमें से 3000 करोड़ रुपये का नुकसान सड़कों को हुआ है।
जुब्बल-नावर-कोटखाई में 141 सड़कों को मिली मंजूरी
शिक्षा मंत्री ने बताया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जुब्बल-नावर-कोटखाई की 62 पंचायतों में 141 नई सड़कों को मंजूरी दी गई है। इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है।
बिजली व्यवस्था में 53 करोड़ का सुदृढ़ीकरण कार्य
उन्होंने कहा कि जुब्बल उपमंडल में 53 करोड़ रुपये की लागत से बिजली व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और स्तरोन्नयन का कार्य प्रगति पर है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति और बेहतर होगी।
दी दीपावली की शुभकामनाएं
इस मौके पर रोहित ठाकुर ने क्षेत्रवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पर्व सबके जीवन में खुशहाली और समृद्धि लेकर आए।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कोट काईना के प्रधान रुपिन्दर ढालटा, बीडीसी वाइस चेयरमैन यशवंत जस्टा, स्थानीय बीडीसी सदस्य रंजू शर्मा, एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी, बीडीओ करण सिंह, एसएचओ चेतन चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
चार दिवसीय प्रवास कार्यक्रम जारी
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 21 से 24 अक्टूबर तक जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे, जहां वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण और शुभारंभ करेंगे।