National Herald Case : शिमला में ईडी दफ्तर के बाहर यूथ कांग्रेस का हंगामा, लगाया भाजपा का बैनर

एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने शनिवार को छोटा शिमला स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर आरोप पत्र दाखिल करने के विरोध में किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर ने किया। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने ईडी ऑफिस के बाहर भारतीय जनता पार्टी का बैनर टांग दिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाया। कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए ईडी को भाजपा की “कठपुतली” बताया।

छतर सिंह ठाकुर ने कहा कि नेशनल हेराल्ड कांग्रेस का स्वामित्व वाला समाचार पत्र है और इसमें कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी राजनीतिक दबाव में काम कर रही है और भाजपा के इशारों पर विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर खुलकर बोलते हैं, इसलिए उन्हें बदले की भावना से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी वो नेता हैं जो प्रधानमंत्री से सवाल पूछने की हिम्मत रखते हैं। केंद्र सरकार उनकी आवाज को दबाना चाहती है, लेकिन कांग्रेस इससे डरने वाली नहीं है। सोनिया गांधी के योगदान की सराहना करते हुए ठाकुर ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री पद त्यागकर पार्टी और देश की सेवा को प्राथमिकता दी। यूथ कांग्रेस ने चेतावनी दी कि सोनिया गांधी का अपमान सहन नहीं किया जाएगा और गांधी परिवार के खिलाफ साजिशें नाकाम रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *