एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज टूटू और मज्याठ में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान तवी मोड़ पर स्थानीय लोगों ने मंत्री का भव्य स्वागत किया और चौक निर्माण की मांग की। बरसात के दौरान खराब ड्रेनेज की वजह से घरों में पानी भरने की समस्या को देखते हुए मंत्री ने एनएचएआई अधिकारियों को चौक के बीच गुमटी बनाने और साइनेज स्थापित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने तवी मोड़ से एनएच तक निर्माणाधीन ड्रेन के कार्य का भी निरीक्षण किया और पावर हाउस के पास रेन शेल्टर के समीप साइनेज लगाने के आदेश दिए। न्यू टूटू में बिजली बोर्ड कार्यालय के पास प्रस्तावित पार्किंग भूमि की रिपोर्ट भेजने के लिए बोर्ड अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
आयुर्वेदिक हेल्थ सेंटर के लिए उपयुक्त भूमि चयन की जानकारी कैबिनेट मंत्री को दी गई। मंत्री ने राजस्व विभाग को निर्देश दिए कि वे जल्द से जल्द इस कार्य को पूरा करें। इसके अलावा, टुटू में प्रस्तावित कम्युनिटी सेंटर और पार्किंग के नक्शे बनाने का भी निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिया गया। मंत्री ने मज्याठ रेन शेल्टर, विजय नगर से शिव नगर मार्ग, हैंडपंप से राजकीय प्राथमिक स्कूल मज्याठ, देव नगर में पार्किंग और प्रस्तावित तवी-मज्याठ मार्ग का निरीक्षण किया।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि दोनों वार्ड उनके विधानसभा क्षेत्र में आते हैं और यहां करोड़ों रुपए के विकास कार्य जारी हैं। पार्किंग निर्माण के लिए नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने के बाद जल्द ही कार्य शुरू होगा। उन्होंने कहा कि टूटू में पहले से बने बहुमंजिला पार्किंग से क्षेत्रवासियों को काफी लाभ मिला है।
इस दौरान आयुक्त नगर निगम शिमला भूपिंदर अत्री, पार्षद अनीता शर्मा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, पूर्व पार्षद दिवाकर शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
