एआरबी टाइम्स ब्यूरो
आनी। हिमाचल के कुल्लू जिले में छांवटी-करसोग सड़क पर एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी, जिसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को खाई से बाहर निकाल कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा आनी से करीब 15 किलोमीटर दूर बैहना के पास, कुल्लू और मंडी जिलों की सीमा पर हुआ। पुल से गुजरते समय कार अनियंत्रित होकर नीचे पलट गई। मृतकों की पहचान गुरुदेव, करसोग, और टिकम राम गांव सरांडी करसोग के रूप में हुई है। दोनों युवक आनी क्षेत्र के दलाश किसी काम से आए थे। लौटते वक्त शुक्रवार आधी रात को यह दुखद घटना घटी। सूचना मिलते ही लुहरी पुलिस चौकी से पुलिस टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना के पीछे के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है।