एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
बुशहर टैक्सी ऑपरेटर यूनियन, रामपुर टैक्सी यूनियन सैंज, टैक्सी यूनियन ज्यूरी और टैक्सी यूनियन सराहन स्थानीय हितों की रक्षा के लिए उप मंडल अधिकारी (SDM) भावानगर को ज्ञापन सौंपा है। यूनियन ने अपने ज्ञापन में स्थानीय टैक्सियों को साडा पर्ची कटवाने की बाध्यता से मुक्त करने की मांग की है।
यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि यहाँ की टैक्सियां केवल स्थानीय सवारियों को सेवा प्रदान करती हैं और उनका संचालन स्थायी एवं स्थानीय स्तर तक सीमित है। वर्तमान नियमों के अनुसार साडा टैक्स और पर्ची मुख्य रूप से पर्यटक तथा बाहरी राज्यों के व्यवसायिक वाहनों पर लागू होती है। यूनियन का कहना है कि स्थानीय गाड़ियों को इस नियम से मुक्त रखा जाना चाहिए। उन्होंने प्रस्ताव रखा है कि रामपुर क्षेत्र में देश के अन्य पर्यटन स्थलों की तरह केवल बाहरी पर्यटक और व्यावसायिक वाहनों पर ही टैक्स व पर्ची की बाध्यता लागू की जाए। उनका दावा है कि इससे न केवल स्थानीय परिवहन व्यवसाय को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि पर्यटन कर भी बाहरी वाहनों से ही प्राप्त किया जा सकेगा। रामपुर टैक्सी यूनियन ने प्रशासन से शीघ्र आवश्यक आदेश जारी करने का अनुरोध किया है।
