एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
समाज सुधार ब्राह्मण सभा रामपुर के प्रतिनिधिमंडल ने शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। सभा के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष राम रत्न शर्मा की अगुवाई में प्रदेश सरकार द्वारा ब्राह्मण समाज के हितों को ध्यान में रखते हुए ब्राह्मण कल्याण बोर्ड गठित करने के निर्णय का स्वागत किया और इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह फैसला ब्राह्मण समाज के सर्वांगीण विकास व सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर सभा ने प्रदेश में हाल ही में प्राकृतिक आपदा एवं भारी वर्षा से प्रभावित हुए लोगों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 51,000 रुपए का योगदान किया। सभा ने कहा कि यह राशि समाज व मानवता के प्रति उनके दायित्व का प्रतीक है। साथ ही प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की गई। इस मौके पर सत्य देव शर्मा महासचिव प्रेम शर्मा वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम कुमार शर्मा सचिव देव राज शर्मा सचिव सत्या नन्द और कृशन कुमार शर्मा उपाध्यक्ष उपस्थित रहे।
