एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष एवं न्यायाधीश चंद्र भूषण बरोवालिया ने आज किन्नौर जिला के सब-जेल कल्पा स्थित रिकांगपिओ का निरीक्षण किया और कैदियों को प्राप्त होने वाले अधिकारों की अद्यतन स्थिति का जायज़ा लिया।
इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से कैदियों को उपलब्ध करवाई जा रही भोजन व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य मूलभूत आवश्यकताओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। न्यायाधीश बरोवालिया ने कैदियों से सीधा संवाद करते हुए उनका हालचाल जाना और उन्हें उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी भी प्रदान की।
उन्होंने कहा कि यदि किसी कैदी को उसके लिए नियुक्त वकील से संतुष्टि नहीं होती है, तो वह बिना किसी शुल्क के दूसरे वकील का चयन कर सकता है। इसके लिए कैदी को किसी भी प्रकार की राशि अदा करने की आवश्यकता नहीं होती।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मानवाधिकार आयोग संदीप भारद्वाज, उपमंडलाधिकारी कल्पा, जेल अधीक्षक अमित कल्थाईक, सहायक अधीक्षक लाल सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
