एआबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के स्टाल आवंटन को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार और मेला आयोजन समिति पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं हिमकोफेड के पूर्व अध्यक्ष कौल नेगी ने कहा कि स्टाल आवंटन प्रक्रिया में करीब 80 प्रतिशत धांधली हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मेला मैदान में कांग्रेस से जुड़े लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए आधार कार्डों की आड़ में एक ही व्यक्ति के नाम पर कई प्लॉट आवंटित किए गए, ताकि वे उन्हें सबलेट कर सके। प्राइम लोकेशन वाले प्लॉटों की बोली में डमी बोलीदाताओं के माध्यम से कृत्रिम रूप से दरें बढ़ाई गईं और बाद में इन्हें पसंदीदा लोगों को अंडर टेबल सौंपने तैयारियां चल रही है।
कौल नेगी ने कहा कि लाइट, साउंड, बिजली और भोजन जैसी व्यवस्थाओं को भी बिना पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया के सीधे खास ठेकेदारों को दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगे स्टालों के कारण गरीब और छोटे व्यापारी मेले से बाहर हो रहे हैं, जिससे लवी मेले की ऐतिहासिक पहचान पर असर पड़ रहा है।
भाजपा नेता ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कर पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की, तो भाजपा जनहित में आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने मांग की कि गरीब व्यापारियों को राहत देने और मेले की गरिमा व परंपरा बनाए रखने के लिए सरकार तुरंत ठोस कदम उठाए। कौल नेगी ने कहा कि यदि वर्तमान सरकार ने कार्रवाई नहीं की तो भविष्य में भाजपा सरकार बनने पर पूरे मामले की जांच करवाई जाएगी।
