एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
जिला किन्नौर के पूह उपमंडल की सीमावर्ती ग्राम पंचायत नमग्या में आज एक दिवसीय विद्युत उपभोक्ता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ग्राम पंचायत नमग्या के कार्यालय परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें उपभोक्ता जागरूकता को प्राथमिकता से शामिल किया गया।
शिविर के दौरान बोर्ड के सलाहकार अनुराग पराशर ने विद्युत वोल्टेज और लोड प्रबंधन पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को अपने घरों और अन्य संसाधनों में बढ़े हुए विद्युत लोड की जानकारी समय पर अपने विद्युत उपमंडल को देनी चाहिए, ताकि बिजली आपूर्ति का सही आकलन कर सुरक्षित और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने विद्युत सुरक्षा पर बात करते हुए कहा कि आगजनी और आसमानी बिजली से बचाव हेतु आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाना बेहद जरूरी है।
इससे पूर्व राजकीय उच्च विद्यालय नमग्या में विद्युत नियामक आयोग के निर्देशानुसार ‘सीधा कार्यक्रम’ के तहत एक अन्य जागरूकता बैठक भी आयोजित की गई। यहाँ अध्यापकों को संबोधित करते हुए अनुराग पराशर ने बताया कि आधुनिक समय में प्रत्येक उपभोक्ता को बिजली बचत, सुरक्षा और विद्युत उपकरणों के सही उपयोग की जानकारी होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि घरों में विद्युत संबंधी कार्य केवल कुशल अभियंताओं से ही करवाएं तथा बिजली उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करें, जिससे दुर्घटनाओं से बचा जा सके। पराशर ने नए कनेक्शन, अस्थायी कनेक्शन, मीटर स्थानांतरण, विद्युत बिल भुगतान तथा ऑनलाइन सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी भी दी।
उन्होंने बताया कि विद्युत आपूर्ति में किसी भी प्रकार की रुकावट या समस्या आने पर उपभोक्ता बोर्ड के टोल-फ्री नंबर 1800-180-8060 या 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।
