एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। विभाग की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और इसी वित्त वर्ष में अब तक 523 केस दर्ज किए जा चुके हैं। अप्रैल से अब तक कुल 54,945 लीटर अवैध शराब और लाहन जब्त किया गया है, जिसमें 21,637.166 लीटर अवैध शराब तथा 33,308.900 लीटर लाहन शामिल है।
अक्तूबर माह में विभाग ने दक्षिण क्षेत्र शिमला में 309.340 लीटर अवैध शराब और 12 लीटर लाहन, मध्य क्षेत्र मंडी में 2678.225 लीटर शराब तथा 14 लीटर लाहन और उत्तरी क्षेत्र पालमपुर में 529.150 लीटर शराब व 4870 लीटर लाहन बरामद किया। इसके अलावा विभिन्न पुलिस जिलों में भी बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की गई है—बद्दी में 286.09 लीटर, कुल्लू में 2090.625 लीटर, मंडी में 528.350 लीटर और ऊना में 286.045 लीटर।
अक्तूबर में नूरपुर पुलिस जिला के डमटाल क्षेत्र के कई गांवों—मिलवान, ठाकुरद्वारा, बरोटा, बेला लुडाचा व उलेहरियां—में भारी मात्रा में गैर-कानूनी शराब, उपकरण व चालू भट्टियां कब्जे में लेकर मौके पर ही नष्ट की गईं।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सूक्खू के निर्देशों के तहत अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए राज्य में 35 विशेष टीमें गठित की गई हैं। इनमें कुल्लू व चम्बा में 4-4 टीमें, शिमला, सोलन, बिलासपुर, मंडी, ऊना तथा नूरपुर पुलिस जिले में 3-3 टीमें, कांगड़ा, सिरमौर, हमीरपुर और बीबीएन पुलिस जिले में 2-2 टीमें तथा किन्नौर में 1 टीम तैनात है।
आबकारी आयुक्त यूनुस ने बताया कि सरकार अवैध शराब गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई कर रही है ताकि राजस्व को नुकसान न हो। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अवैध शराब से जुड़ी किसी भी सूचना को दूरभाष 0177-2620426, व्हाट्सऐप 94183-31426 या संबंधित जोनल कार्यालयों के नंबरों पर साझा करें।
