एआरबी टाइम्स ब्यूरो,रामपुर बुशहर
पुलिस थाना रामपुर और कुमारसैन के तहत रविवार रात दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद कर पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में मुख्य आरक्षी पियुष राज, अन्वेषणाधिकारी डिटेक्शन सेल रामपुर के नेतृत्व में चील मोड़, खेखर के पास सड़क किनारे खड़ी एक टैक्सी (ऑल्टो) की तलाशी के दौरान दो व्यक्तियों—
विजेंद्र सिंह (26), निवासी त्यावल, ज्यूरी
विशाल (25), निवासी ज्यूरी के कब्जे से 15.68 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। दोनों के विरुद्ध थाना कुमारसैन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दूसरे मामले में विशेष सेल शिमला के अन्वेषणाधिकारी पुनीत शर्मा के नेतृत्व में भद्राश में तीन व्यक्तियों—
डोला राम उर्फ कपिल (34), निवासी दुराह, निथर
मुकेश ठाकुर (34), निवासी निरसू, दत्तनगर
विपिन कुमार (25), निवासी नेरी, देवनगर के कब्जे से 3.110 किलो ग्राम चरस बरामद की गई। तीनों को गिरफ्तार कर थाना रामपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उपमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि दोनों मामलों में नशा नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
