एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
मंडी, 26 नवम्बर। मंडी जिले में एसआईएस इंडिया लिमिटेड, आरटीए हमीरपुर द्वारा सुरक्षा गार्ड और सुपरवाइजर के 150 पदों पर भर्ती के लिए 2 से 5 दिसम्बर तक विभिन्न रोजगार कार्यालयों में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति हिमाचल प्रदेश व चण्डीगढ़ में होगी। यह जानकारी क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी मंडी अक्षय कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि साक्षात्कार 2 दिसम्बर को रोजगार कार्यालय बल्ह, 3 दिसम्बर को उप-रोजगार कार्यालय पधर, 4 दिसम्बर को रोजगार कार्यालय गोहर और 5 दिसम्बर को उप-रोजगार कार्यालय सुंदरनगर में प्रातः 10.30 बजे से शुरू होंगे।
केवल पुरुष अभ्यर्थी इन पदों के लिए पात्र होंगे। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास या फेल, आयु 19 से 40 वर्ष, न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर तथा वजन 55 से 95 किलोग्राम होना आवश्यक है।
वेतन 8 घंटे की ड्यूटी पर 15,000–17,000 रुपये, जबकि 12 घंटे की ड्यूटी पर 19,000–23,000 रुपये प्रतिमाह निर्धारित है। इसके अतिरिक्त पीएफ, ईएसआई, बीमा, पेंशन तथा मेडिकल सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।
चयनित अभ्यर्थियों को 26 दिन का प्रशिक्षण शाहतलाई (जिला बिलासपुर) में दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि में हॉस्टल, मेस सुविधा, दो वर्दियां व सुरक्षा प्रशिक्षण किट उपलब्ध होगी। प्रशिक्षण शुल्क 10,850 रुपये देय होगा। प्रशिक्षण के बाद अभ्यर्थियों को कंपनी, मॉल, होटल या औद्योगिक क्षेत्रों में नियुक्त किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने मूल प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पैन कार्ड व पासपोर्ट साइज़ फोटो सहित निर्धारित तिथि पर संबंधित रोजगार कार्यालय में उपस्थित होने को कहा गया है। साक्षात्कार के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
