एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
किन्नौर जिले के किल्बा में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जहां सतलुज नदी में दोस्तों के साथ तैर रहा 14 वर्षीय किशोर डूब गया। लापता किशोर की तलाश में क्यूआरटी, जेएसडब्ल्यू के गोताखोर, पुलिस थाना सांगला और कड़छम चौकी के जवान जुटे हुए हैं। सोमवार को दिनभर चलाए गए तलाशी अभियान के बावजूद कोई सुराग नहीं मिल पाया।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे नेपाल मूल के चार किशोर—विकास (14), सुनील कुमार (13), नवीन कुमार (12) और आशीष (12)—किल्बा की रेता खान के पास दाखोदेन में सतलुज नदी में नहा रहे थे। इस दौरान विकास पुत्र देश राज सतलुज की तेज धारा में बह गया, जबकि उसके सभी साथी बाहर निकल आए और उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही मजदूरों ने पुलिस थाना सांगला को अवगत कराया। इसके बाद क्यूआरटी, पुलिस, होमगार्ड और जेएसडब्ल्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर रेता खान से चोलिंग तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन किशोर का कोई पता नहीं चल पाया।
लापता किशोर के परिजन किल्बा में मजदूरी करते हैं।
पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने किशोर के सतलुज नदी में डूबने की पुष्टि की है।
