एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज कोटखाई उपमंडल के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया तथा प्रगति पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। अपने दौरे की शुरुआत में उन्होंने 24 लाख रुपये की लागत से निर्मित ग्राम पंचायत बखोल भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंचायत भवन से पंचायती राज संस्थाओं को प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन में सुविधा मिलेगी और विकास कार्यों को गति प्राप्त होगी।
इसके उपरांत शिक्षा मंत्री ने लगभग 1 करोड़ 83 लाख रुपये से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बखोल के भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिससे भविष्य में आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही उन्होंने 15 लाख रुपये से नवीनीकृत राजकीय उच्च विद्यालय बखोल भवन का भी निरीक्षण किया।
महासू स्कूल के अतिरिक्त भवन का उद्घाटन
दौरे के अंतिम चरण में शिक्षा मंत्री महासू पहुंचे, जहां उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय महासू के अतिरिक्त भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि इस भवन के निर्माण एवं नवीनीकरण पर 1 करोड़ 78 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
रोहित ठाकुर ने कहा कि बलसन क्षेत्र विशेषकर बखोल-शिलागांव से उनका पारिवारिक और भावनात्मक संबंध स्वर्गीय ठाकुर राम लाल के समय से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि हुल्ली–महासू सड़क को 13 करोड़ रुपये की लागत से पक्का किया जा रहा है, जबकि कुफर–महासू सड़क के स्तरोन्नयन पर 12 करोड़ 76 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त गुम्मा–बखोल उठाऊ सिंचाई परियोजना को 3 करोड़ 90 लाख रुपये की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भेजा गया है।
सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में कांग्रेस सरकार ने जनहित, पारदर्शिता और सुधारों पर आधारित ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान दी गई 10 गारंटियों में से 7 को पूरा किया जा चुका है। पहली कैबिनेट बैठक में ओपीएस लागू कर 1.36 लाख कर्मचारियों को बड़ी राहत दी गई।
गुणात्मक शिक्षा पर जोर
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय सर्वेक्षण में 21वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। 100 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है और 20 विधानसभा क्षेत्रों में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों का कार्य शुरू हो चुका है। कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति भी मिल चुकी है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार 3000 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराएगी। वहीं जुब्बल–नावर–कोटखाई क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये से अधिक के सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य जारी हैं। शिक्षा मंत्री ने छात्रों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई।
