एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
जिला कुल्लू के विकास खंड निरमंड में हिमाचल सेब उत्पादक संघ की बैठक किसान मजदूर भवन, निरमंड में आयोजित की गई। बैठक में 19 जनवरी को शिमला सचिवालय के बाहर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिला महासचिव देवकी नंद और हिमाचल सेब उत्पादक संघ के राज्य महासचिव पूर्ण ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते किसानों की लगातार बेदखली हो रही है। उन्होंने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय ने अपने फैसले में प्रदेश सरकार को किसानों के पक्ष में नीति बनाने के निर्देश दिए हैं, लेकिन इसके बावजूद सरकार अब तक कोई ठोस नीति बनाने में असफल रही है। परिणामस्वरूप छोटे और सीमांत किसानों को आज भी बेदखली का सामना करना पड़ रहा है।
नेताओं ने प्रदेश सरकार से मांग की कि किसानों की बेदखली पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा माननीय उच्च न्यायालय के निर्णय को लागू करते हुए छोटे किसानों के हित में स्पष्ट नीति बनाई जाए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 19 जनवरी को शिमला में होने वाली रैली में निरमंड क्षेत्र से लगभग 200 किसान भाग लेंगे। रैली की तैयारियों के लिए गांव स्तर पर बैठकों का आयोजन, सदस्यता अभियान चलाने और समितियों के गठन का फैसला लिया गया।
बैठक में ख्याला नंद, दौलत राम, प्रीतम, कांता देवी, नोया राम, ज्ञान चंद, रमेश, धर्म दास, सतीश, भोगा राम, गुलजार, इस्माइल, सुलेमान, हरि सिंह सहित कई किसान उपस्थित रहे।
