एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
उपमंडल रामपुर के पुलिस थाना झाकड़ी क्षेत्र के वार्ड नंबर 09 में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति का शव पेड़ से फाँसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना दूरभाष के माध्यम से पुलिस स्टेशन को प्राप्त हुई, जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची।
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जाँच में मृतक की पहचान गणेश (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पेशे से कबाड़ी था। वह मूल रूप से पंचकूला, हरियाणा का निवासी था और वर्तमान में झाकड़ी में रह रहा था। मृतक के एक निकट संबंधी बलदेव को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस व स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पाया गया कि गणेश अमरूद के पेड़ की शाखा से सफेद और काले रंग की प्लास्टिक रस्सी के सहारे फाँसी पर लटका हुआ था। मौके पर माप लेने के बाद शव को सावधानीपूर्वक नीचे उतारा गया। शव के निरीक्षण में किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए, केवल गर्दन पर फाँसी के निशान थे। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु भी बरामद नहीं हुई।
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक जाँच में किसी प्रकार की आपराधिक साजिश या संदेह के संकेत नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए खनेरी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।
