एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश के एनसीसी के बालक एवं बालिका कैडेट्स, जिन्होंने नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड में भाग लिया था, ने राजभवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने कैडेट्स को सम्मानित किया तथा उनके उत्साहवर्धन के लिए 50 हजार रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की।
राज्यपाल ने कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर उनकी भागीदारी हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति की भावना के विकास में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ निदेशालय से कुल 21 कैडेट्स 10 बालक और 11 बालिकाओं ने राज्य का प्रतिनिधित्व किया। इनमें कुमारी कृतिका शर्मा भी शामिल रहीं, जिन्होंने 18 मई 2025 को माउंट एवरेस्ट पर सफल आरोहण किया और अभियान के दौरान एक शेरपा का जीवन बचाकर साहस एवं मानवता का परिचय दिया। कैडेट्स ने नई दिल्ली में आयोजित एक माह लंबे गणतंत्र दिवस शिविर के दौरान अपने अनुभव भी राज्यपाल के साथ साझा किए।
इससे पूर्व, एनसीसी के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर हरप्रीत सिंह ने राज्यपाल का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश में 31 हजार से अधिक एनसीसी कैडेट्स हैं, जिनमें 42 प्रतिशत बालिकाएं हैं, जो देश के कई अन्य राज्यों की तुलना में अधिक है।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा तथा अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
