एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। शिमला ग्रीष्मोत्सव 2025 की शुरुआत पारंपरिक महानाटी के भव्य आयोजन के साथ हुई। इस वर्ष ग्रीष्मोत्सव की थीम “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” रखी गई है। कार्यक्रम में शिमला शहरी और मशोबरा प्रोजेक्ट की लगभग 150 महिलाओं ने भाग लेकर समरसता और नारी शक्ति का शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया।
महा नाटी में अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा और अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा ने विशेष रूप से शिरकत की।
अतिरिक्त उपायुक्त वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि महा नाटी जैसे आयोजनों का उद्देश्य महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा, “आज महिलाएं हर क्षेत्र में सफलता के झंडे गाड़ रही हैं और देश-दुनिया की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।” उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि जिला भर में महिला मंडल सामाजिक कार्यों के साथ-साथ स्वरोजगार के जरिए आर्थिक आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी ममता पॉल ने जानकारी दी कि आगामी पांच दिनों तक महिलाएं महा नाटी में भाग लेंगी और अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पुलिस ब्रास बैंड की मधुर धुनों ने भी लोगों का खूब मनोरंजन किया, जिससे वातावरण और अधिक उल्लासपूर्ण हो गया।