एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
Himachal Accident : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर एक बड़ा हादसा सामने आया है। सराज क्षेत्र के थुनाग उपमंडल में तड़के सुबह करीब 4 बजे एमडीआर-91 लम्बाथाच–कल्हणी सड़क पर बुनालीधार के पास एक जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे में तीन युवाओं की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार जीप में चार युवक सवार थे। वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसा इतना भयानक था कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। यह हादसा महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व पर होने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। इस हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान हृतिक ठाकुर (19), निवासी रहीधार, थुनाग, सुनील (17), निवासी चच्योट और ईशान (18), निवासी चच्योट के रूप में हुई है। तीनों युवकों की मृत्यु से उनके गांवों में मातम पसरा हुआ है। घायल कुशाल (18) को प्राथमिक उपचार के बाद नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसे निगरानी में रखा गया है। जंजैहली पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, लेकिन इस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। महाशिवरात्रि के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे ने सराज क्षेत्र में उत्सव का माहौल गम में बदल दिया है।
