एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर नगर परिषद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से उपमंडलाधिकारी (नागरिक) हर्ष अमरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में उपमंडल कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्किंग स्थलों की पहचान, बस स्टॉपेज एवं ड्रॉप प्वाइंट निर्धारित करने, नो-पार्किंग जोन चिन्हित करने तथा प्रमुख स्थानों पर ज़ेब्रा क्रॉसिंग स्थापित करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त किए गए, ताकि शहर में यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।
उपमंडलाधिकारी ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खनेरी अस्पताल से मिनी सचिवालय तक चिन्हित स्थानों पर तीन दिनों के भीतर ज़ेब्रा क्रॉसिंग के निशान लगाए जाएं। इससे आम लोगों को सड़क पार करने में सुविधा मिलेगी और दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि चौधरी अड्डा के समीप बसें केवल सवारियों को चढ़ाने और उतारने के लिए ही रुकें तथा दो मिनट से अधिक समय तक खड़ी न रहें। साथ ही बसों को केवल निर्धारित स्थानों पर ही मोड़ने के निर्देश दिए गए।
निजी बस ऑपरेटरों के साथ भी शीघ्र बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। ऑटो यूनियन को स्पष्ट किया गया कि शहर में चिन्हित संख्या और स्थानों पर ही ऑटो खड़े किए जाएं, ताकि यातायात प्रभावित न हो। उपमंडलाधिकारी ने कहा कि बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सुव्यवस्थित पार्किंग, निर्धारित बस स्टॉपेज और सुरक्षित पैदल आवागमन की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। सभी विभागों के समन्वय से शीघ्र ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अगली बैठक के बाद प्रस्ताव उपायुक्त शिमला को भेजा जाएगा, ताकि अधिसूचना जारी कर व्यवस्था को शीघ्र लागू किया जा सके।
बैठक में पुलिस, परिवहन, राष्ट्रीय उच्च मार्ग, नगर परिषद, व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन, ऑटो यूनियन एवं प्रेस प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
