एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने विद्यार्थियों की शून्य संख्या वाले 36 प्राथमिक स्कूल और बंद कर दिए हैं, जबकि तीन मिडल स्कूलों को नजदीकी स्कूलों में मर्ज किया गया है। इस संबंध में शिक्षा विभाग ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। शिक्षा सचिव द्वारा जारी आदेशों में कहा गया है कि जिन स्कूलों में छात्रों की संख्या नहीं है या बेहद कम है, उन्हें चलाना व्यावहारिक नहीं रह गया था। ऐसे में इन स्कूलों को बंद कर शिक्षकों और अन्य संसाधनों को जरूरतमंद स्कूलों में स्थानांतरित किया जाएगा। सरकार के इस फैसले के तहत पिछले तीन वर्षों में करीब 1250 स्कूलों को बंद या मर्ज किया जा चुका है। यह कदम शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और संसाधन-संतुलित बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
🗺️ किन जिलों में बंद हुए स्कूल
बंद किए गए स्कूलों में विभिन्न जिलों के स्कूल शामिल हैं:
- चंबा – 3
- हमीरपुर – 1
- कांगड़ा – 2
- किन्नौर – 1
- कुल्लू – 3
- लाहौल-स्पीति – 1
- मंडी – 7
- शिमला – 16
- ऊना – 2
मर्ज किए गए तीनों मिडल स्कूल भी शिमला जिले से ही संबंधित हैं।
👨🏫 शिक्षकों का होगा ट्रांसफर
इन स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को अन्य स्कूलों में तैनात किया जाएगा। विशेष रूप से सिंगल टीचर स्कूल या जहां शिक्षक नहीं हैं, वहां इनकी नियुक्ति को प्राथमिकता दी जाएगी। शिक्षा विभाग ने भवन, रिकॉर्ड और अन्य संसाधनों के प्रबंधन के लिए पहले से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, ताकि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
