एआरबी टाइम्स ब्यूरो | बिलासपुर
जिला बिलासपुर में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) से बचाव और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए 29 मार्च (रविवार) से विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान 5 अप्रैल और 12 अप्रैल को भी जारी रहेगा। अभियान के तहत जिले के चार चिकित्सा खंडों में स्थापित 30 स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की कुल 2735 किशोरियों को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशी दत्त शर्मा ने बताया कि टीकाकरण के लिए पात्र किशोरियों की जन्म तिथि 28 फरवरी 2011 से 24 मई 2012 के बीच होनी चाहिए। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी चिकित्सा खंडों में कोल्ड चेन प्वाइंट स्थापित किए गए हैं और स्वास्थ्य संस्थानों को चिन्हित किया गया है। घुमारवीं, झंडुता, मारकंड और श्री नैना देवी जी चिकित्सा खंडों में क्रमशः विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिविल अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से टीकाकरण किया जाएगा।
सीएमओ ने बताया कि एचपीवी संक्रमण गर्भाशय ग्रीवा कैंसर का प्रमुख कारण है और यह महिलाओं में होने वाले कैंसरों में दूसरे स्थान पर है। समय पर टीकाकरण, नियमित जांच और जागरूकता के माध्यम से इस बीमारी से बचाव संभव है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीकाकरण खाली पेट नहीं किया जाएगा और यह चिकित्सक की निगरानी में ही किया जाएगा। टीका लगाने के बाद किशोरियों को आधे घंटे तक निगरानी में रखा जाएगा ताकि किसी भी प्रकार की प्रतिकूल स्थिति में तुरंत उपचार दिया जा सके। अभियान को सफल बनाने के लिए आशा वर्कर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह, पंचायती राज संस्थाएं और शिक्षा विभाग सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। स्कूलों में अभिभावकों को भी टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जो किशोरियां किसी कारणवश इस अभियान के दौरान छूट जाएंगी, उनका टीकाकरण 19 अप्रैल, 10 मई, 24 मई और 21 जून 2026 को किया जाएगा।
