एआरबी टाइम्स ब्यूरो | हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश में राज्य निर्वाचन आयोग ने शहरी निकाय चुनावों का ऐलान कर दिया है। प्रदेश के 51 नगर निकायों में 17 मई को मतदान कराया जाएगा। इनमें धर्मशाला, पालमपुर, सोलन और मंडी नगर निगम सहित 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायत शामिल हैं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि चुनाव प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में कुल 1,80,963 पुरुष और 1,79,882 महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जबकि 1,808 युवा मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। मतदाता “सारथी ऐप” के माध्यम से भी अपना नाम जांच सकते हैं।
चुनाव कार्यक्रम के तहत नामांकन पत्र 29 व 30 अप्रैल और 2 मई (दोपहर 3 बजे तक) भरे जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 4 मई को सुबह 10 बजे से होगी, जबकि नामांकन वापसी 6 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक की जा सकेगी। इसके बाद उसी दिन चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
मतदान केंद्रों की सूची 29 अप्रैल को प्रकाशित की जाएगी। मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। नगर परिषद और नगर पंचायतों की मतगणना उसी दिन कर दी जाएगी, जबकि चारों नगर निगमों के परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे। वहीं, पंचायती राज संस्थाओं के लिए 27 अप्रैल को मतदाता सूची अंतिम रूप से प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद पंचायत चुनावों की घोषणा होने की संभावना है। फिलहाल आयोग ने केवल शहरी निकाय चुनावों की घोषणा की है।
चुनावों के मद्देनजर राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रशासनिक सख्ती भी बढ़ा दी है। नए आदेशों के अनुसार डीसी, एसडीएम, बीडीओ और जिला पंचायत अधिकारी बिना अनुमति के जिला मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
