एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर के शांति देवी मेमोरियल राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तकलेच में अंडर-14 छात्र वर्ग की जिला स्तरीय माइनर गेम्स खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जिला के 20 खंडों से करीब 650 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, वालीबाल, खो-खो और बैडमिंटन की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
उद्घाटन समारोह में पंचायत समिति रामपुर की अध्यक्ष पूजा डोगरा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने मार्च पास्ट की सलामी ली और दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान विभिन्न खंडों से आए खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य नेक राम चौहान ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह एवं स्टोल भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, विशिष्ट अतिथियों विशेश्वर लाल सनाटू, अजित सिंह और ज्ञान चंद गुलेरिया को टोपी, मफलर एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
मुख्यातिथि ने विद्यालय प्रबंधन को 10 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए स्कूल प्रबंधन समिति की ओर से खिलाड़ियों और उनके साथ आए अध्यापकों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए गए। स्थानीय विद्यालय के डीपीई संजय नेगी और पीईटी कमलेश ने स्कूल प्रबंधन समिति के सहयोग से खिलाड़ियों व अध्यापकों के लिए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन मशोबरा खंड के खेल प्रभारी नंदलाल शर्मा ने किया।
इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राकेश सानी, कांग्रेस जोन प्रभारी तकलेच शिवराज डोरटा, एडीपीओ शिमला राजेश चौहान, जिला खेल प्रभारी जवाहर शर्मा, जानकी दास, तकलेच थाना प्रभारी पुरुषोत्तम, स्वास्थ्य विभाग से नेहा सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक उपस्थित रहे।
