एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
जिला शिमला पुलिस अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना रामपुर पुलिस ने नोगली क्षेत्र में गश्त के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 218 बोतल अवैध शराब बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल को गश्त के दौरान एक संदिग्ध वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद हुई, जिनमें ट्यूबोर्ग बीयर, ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल स्टैग, ऑल सीजन, रॉयल चैलेंज, स्टर्लिंग रिजर्व, सोलन नंबर-1, आइकोनिक व्हाइट, नाटी नंबर-1 और ऊना नंबर-1 शामिल हैं। वाहन में सवार दो व्यक्तियों की पहचान मुनीश कुमार (24) निवासी गांव शनोग, तहसील करसोग, जिला मंडी और संजय कुमार (33) निवासी गांव चिमनी, तहसील आनी, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। दोनों आरोपी बरामद शराब के संबंध में कोई वैध परमिट प्रस्तुत नहीं कर सके।
इस पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
