एआरबी टाइम्स ब्यूरो | कुल्लू
राष्ट्रीय उच्च मार्ग-305 के बंजार-घियागी खंड पर टारिंग और सड़क मरम्मत कार्य को सुरक्षित एवं सुचारू ढंग से पूरा करने के लिए प्रशासन ने यातायात एडवाइजरी जारी की है। यह निर्णय उपमंडल दंडाधिकारी बंजार पंकज शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया, जिसमें थाना प्रभारी बंजार और लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय उच्च मार्ग विंग के अधिकारियों ने भाग लिया।
जारी एडवाइजरी के अनुसार एनएच-305 पर घियागी से बंजार मार्ग निर्धारित समय के दौरान यातायात के लिए बंद रहेगा। यह प्रतिबंध सुबह 06:30 बजे से 07:30 बजे तक, पूर्वाह्न 11:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक तथा अपराह्न 03:00 बजे से 04:00 बजे तक लागू रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध अवधि के दौरान केवल एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवा वाहनों को ही आवाजाही की अनुमति दी जाएगी। सामान्य वाहनों के लिए यातायात को दमोठी-भरठीधार मार्ग तथा बंजार बाईपास रोड के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभाग और लोक निर्माण विभाग को प्रभावित क्षेत्र के दोनों ओर चेतावनी एवं दिशा सूचक बोर्ड लगाने तथा यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त यातायात कर्मी तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने यात्रियों, स्थानीय लोगों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना एडवाइजरी के अनुसार बनाएं और सड़क निर्माण कार्य में सहयोग करें।
